धान खरीद में देरी पर किसानों का चढ़ा पारा, मंडी बंद कर जताया विरोध, बार-बार आश्वासन के बाद भी शुरू नहीं हुई खरीद, सड़क जाम कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

काशीपुर। धान खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने मंडी बंद कर विरोध जताया। किसानों का कहना है कि एक अक्तूबर से खरीद शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई बार अधिकारियों से वार्ता और भरोसा मिलने के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द खरीद शुरू नहीं हुई तो सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

 

किसानों के मुताबिक, धान खरीद का मुद्दा जिले के अधिकारियों से लेकर मंडी और आरएफसी कार्यालय तक उठाया जा चुका है। पटवारी, एसडीएम और मुख्यमंत्री स्तर तक खरीद शुरू कराने का भरोसा मिलने की बात कही गई, लेकिन अब तक किसानों की उपज खरीदने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। किसानों का आरोप है कि हर बार आश्वासन तो मिलता है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही।

 

खरीद में देरी से परेशान किसानों ने मंडी बंद कर अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि धान की फसल तैयार होने के बाद भी खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे सड़क पर उतरकर जाम लगाएंगे और आंदोलन को तेज करेंगे।

 

प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन युवा के जितेंद्र सिंह जीतू, प्रताप सिंह, बलविंदर सिंह, धरबेर सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।