रुद्रपुर। जिले में मंगलवार देर रात सड़क हादसों ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग स्थानों पर हुए पांच हादसों में दो दोस्तों समेत छह लोगों की मौत हो गई। कहीं बाइक डिवाइडर से टकरा गई तो कहीं अज्ञात वाहनों की टक्कर ने लोगों की जान ले ली। हादसों के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिनेशपुर के मोतीपुर वार्ड नंबर दो निवासी सुजल (18) विशाल मेगा मार्ट में ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। उसका दोस्त समीर मंडल (25) छतरपुर की स्टील वर्ल्ड कंपनी में कार्यरत था। दोनों मंगलवार देर रात करीब दो बजे शक्तिफार्म से बाइक पर दिनेशपुर लौट रहे थे। बगवाड़ा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सुजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान समीर ने भी दम तोड़ दिया।
ट्रांजिट कैंप के वार्ड पांच निवासी दिशांत सरकार (28) दिनेशपुर में पूजा महोत्सव देखकर लौट रहा था। हरिदासपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। वहीं, रेशमबाड़ी में किराये पर रहने वाला बरेली के पस्तौर निवासी लालता प्रसाद (32) दोस्त जंग बहादुर के साथ बाइक से बहेड़ी जा रहा था। चंदोला अस्पताल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी जान चली गई।
केलाखेड़ा के टांडा निवासी रकवीर (28) बाइक से हल्द्वानी जा रहा था। गदरपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। उधर, मॉडल कॉलोनी निवासी बलजीत सिंह अपनी पत्नी गुरमीत कौर (44) के साथ गांधी पार्क में दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे। गावा चौक के पास दूसरी बाइक से भिड़ंत में गुरमीत गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
