दिनेशपुर/रुद्रपुर। दिनेशपुर थाना क्षेत्र के चंडीपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में 14 लाख रुपये की नकदी मिलने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस ने गेस्ट हाउस में ठहरी दो महिलाओं और एक पुरुष से पूछताछ की। नकदी के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जानकारी और वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने पूरी रकम कब्जे में ले ली। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है। अब पुलिस और संबंधित विभाग नकदी के स्रोत की जांच में जुटे हैं।
पुलिस के मुताबिक, आठ अक्टूबर की रात दिनेशपुर थाना पुलिस जयनगर क्षेत्र में होटल और ढाबों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम चंडीपुर स्थित यूके गेस्ट हाउस पहुंची। यहां ठहरे लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने के दौरान दो महिलाओं और एक पुरुष से पूछताछ की गई।
नोटों की 28 गड्डियां मिलीं
पूछताछ के दौरान पुलिस ने तीनों के सामान की तलाशी ली तो 500-500 रुपये के नोटों की 28 गड्डियां बरामद हुईं। इनकी कुल कीमत 14 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने रकम के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन तीनों नकदी के स्रोत का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। नकदी से संबंधित बिल, बैंक स्टेटमेंट या अन्य वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
आयकर विभाग करेगा जांच
पुलिस ने बरामद रकम अपने कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सूचना दे दी है। मामले में लविन्दर कौर उर्फ गोगी, गुरदीप कौर और सुखविन्दर सिंह उर्फ सुक्खा से पूछताछ की गई है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे गेस्ट हाउस में रखने के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल, नकदी मिलने के मामले में जांच जारी है। केवल नकदी बरामद होने से किसी व्यक्ति का दोष सिद्ध नहीं होता।
