रुद्रपुर। रुद्रपुर सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के डिबडिबा गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक डिबडिबा निवासी संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी उर्फ सनिया (30) गुरुवार को अपनी बेटी की दवाई लेकर पैदल घर लौट रहा था। वह अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने पहुंचा ही था कि बाइक सवार तीन लोगों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। गोली लगने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए।
दिनदहाड़े गोली चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार, कोतवाल जीत सिंह और सीओ पीपी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को सीएचसी पहुंचाया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की पत्नी शिवानी ने पुलिस को बताया कि संदीप की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
