हाईवे के गड्ढों से दो दिन में छह घायल, खबर चलने के बाद शुरू हुआ काम, बागवाला के पास साइन बोर्ड लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे और सड़क पर फैली मिट्टी बनी हादसों की वजह, प्रशासन के निर्देश के बाद शुरू हुआ सुधार कार्य

विशेष संवाददाता, पंजाबी सचवाणी 

रुद्रपुर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बागवाला के पास साइन बोर्ड लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे और सड़क किनारे फैली मिट्टी राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। खुले गड्ढों और सड़क पर बिखरी मिट्टी के कारण पिछले दो दिनों में कई हादसे हुए, जिनमें छह लोग घायल हो गए। रविवार को भी एक राहगीर गड्ढे की वजह से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे। समाजसेवी ललित मिश्रा घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।

 

लगातार हादसों से नाराज पूर्व विधायक के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर समस्या के खिलाफ आवाज उठाई। लोगों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। गड्ढों को खुला छोड़ने के साथ ही सड़क पर मिट्टी फैली होने से वाहन चालकों को अचानक संतुलन बिगड़ने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने तत्काल गड्ढे भरने और सड़क को सुरक्षित करने की मांग की।

 

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मौके से एसडीएम मनीष बिष्ट को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और हादसों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि राहगीरों की जान खतरे में न पड़े।

 

एसडीएम मनीष बिष्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई अधिकारियों से फोन पर बात कर खुले गड्ढों और सड़क पर फैली मिट्टी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

 

वहीं, मामले को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की ओर से मौके पर सुधार कार्य शुरू करा दिया गया है। सड़क को सुरक्षित करने के लिए गड्ढों और मिट्टी की समस्या को दूर करने का काम शुरू होने से राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 

इस दौरान अंकेश्वर कुमार, जसविंदर सिंह, विजेंदर सिंह, दिनेश ढाली, सुदर्शन प्रसाद, ललित सिंह बिष्ट, राजेश कुमार, अरुण समेत कई लोग मौजूद रहे।