छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रत्याशियों का शक्ति प्रदर्शन, शांतिपूर्ण ढंग से हुआ नामांकन, ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों का उमड़ा हुजूम

रुद्रपुर। एसबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के साथ ही शुक्रवार को चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई। अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष समेत 11 पदों के लिए 30 दावेदारों ने नामांकन कराया, जबकि कुल 34 नामांकन पत्र जमा हुए। प्रत्याशी समर्थकों के हुजूम और ढोल-नगाड़ों के साथ कॉलेज पहुंचे और जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। परिसर के आसपास दिनभर चुनावी माहौल बना रहा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वजीत सिंह की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक सिंह, गौरव कुशवाहा, मो. जुनैद और विपुल मंडल ने नामांकन कराया। मो. जुनैद और विपुल मंडल ने दो-दो नामांकन पत्र जमा किए। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर चार दावेदारों ने नामांकन कराया।

इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर दो, सचिव पद पर दो, संयुक्त सचिव पद पर तीन और संकाय प्रतिनिधि समेत अन्य पदों पर भी दावेदारों ने नामांकन कराया। नामांकन के दौरान प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क करते नजर आए।

शनिवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर एक से तीन बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है। 28 सितंबर को आम सभा के बाद शाम चार बजे प्रचार थम जाएगा। 29 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा।

इनसेट-1

दो पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की राह साफ

रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव में छात्र उपाध्यक्ष पद पर विश्वजीत और सांस्कृतिक सचिव पद पर गौरव शर्मा का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है। दोनों पदों पर उनके अलावा किसी अन्य दावेदार ने नामांकन नहीं कराया है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी प्रकार की आपत्ति या नाम वापसी नहीं होती है तो दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।

इनसेट-2

आम सभा की अनुमति के लिए प्रशासन को भेजा प्रस्ताव

रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव को लेकर 28 सितंबर को आम सभा कराने की तैयारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वजीत सिंह के अनुसार आम सभा सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रस्तावित है। इसके लिए जिला प्रशासन की स्वीकृति ली जाएगी। आम सभा के बाद शाम चार बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों के पास मतदाताओं से सीधे संपर्क का समय भी खत्म हो जाएगा।

इनसेट-3

नामांकन के बाद फोन और व्हाट्सएप पर बढ़ा संपर्क

रुद्रपुर। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही छात्र नेताओं ने मतदाताओं से संपर्क बढ़ा दिया है। प्रत्याशी अब फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेशों के जरिये छात्रों तक पहुंच बनाने में जुट गए हैं। समर्थक भी अलग-अलग समूहों में विद्यार्थियों से संपर्क कर अपने प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं। कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी छात्र नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है।