रुद्रपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे में एक बार फिर फेरबदल किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने तीन निरीक्षकों के तबादले करते हुए रुद्रपुर कोतवाल प्रकाश सिंह दानू को पुलिस लाइन भेज दिया है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट को नानकमत्ता कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन रुद्रपुर स्थानांतरित किया गया है। उनके स्थान पर पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट को नानकमत्ता कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में नानकमत्ता कोतवाली में तैनात रहे निरीक्षक संजय पाठक को एसएसपी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। तीनों निरीक्षकों को अपनी नई तैनाती पर तत्काल रवाना होने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर जिला मुख्यालय की रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को लाइन भेजे जाने के बाद पुलिस महकमे में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि तबादला आदेश में किसी अधिकारी को हटाने के कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।
