किच्छा। नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नवीन फल मंडी किच्छा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। उन्होंने मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों से मतपेटियां प्राप्त करने के लिए लगाए गए टेबल और परिसर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। सुरक्षा के दृष्टिगत स्ट्रांग रूम परिसर में अतिरिक्त बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने परिसर में पर्याप्त रोशनी के लिए हाई मास्क लाइट लगाने के साथ ही स्ट्रांग रूम के बाहर वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने और सुरक्षा में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति, आरओ हिमांशु फलटिया, एसडीएम गौरव पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
