रुद्रपुर। हिमाचल प्रदेश से चोरी हुई तिजोरी के मामले की जांच के दौरान रुद्रपुर में आबकारी विभाग के एक दरोगा समेत चार कर्मचारियों पर नेपाल निवासी महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये व करीब आधा किलो सोना लेने का आरोप लगा है। हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी दरोगा देवेंद्र कुमार, सिपाही बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीआरडी कर्मी नईम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोना और नकदी बरामद होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि आठ सितंबर को रामपुर बॉर्डर के पास आबकारी टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में सवार नेपाल निवासी करिश्मा और एक युवक के पास टूटी तिजोरी मिली। पूछताछ के दौरान दोनों कथित तौर पर डर गए। आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों ने उनसे नकदी और सोना ले लिया और उन्हें छोड़ दिया।
बाद में महिला ने शिमला निवासी अपने पूर्व नियोक्ता को घटना की जानकारी दी। सूचना पर हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची और एसएसपी अजय गणपति से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त जांच में आरोपों की कड़ियां जुड़ती गईं। पुलिस अब महिला और उसके साथी की तलाश कर रही है।
