शांतिपुरी नंबर एक में एक ही रात तीन घरों को बनाया निशाना, एक माह पहले हुई लाखों की चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा
शांतिपुरी। शांतिपुरी नंबर एक में शनिवार रात चोरों ने पुलिस को ही चुनौती दे डाली। चोरों ने कोतवाल नीरज भाकुनी के घर की खिड़की की ग्रिल काटकर चोरी का प्रयास किया। इसके अलावा गांव में दो अन्य घरों को भी निशाना बनाया गया। हालांकि चोर किसी घर से कीमती सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद रविवार को पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें मुंह पर गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति छत पर घूमता दिखाई दिया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।
बताया गया कि शनिवार देर रात चोरों ने सबसे पहले कोतवाल नीरज भाकुनी के घर को निशाना बनाया। खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया गया। इसके बाद चोरों ने गांव में दो अन्य घरों में भी इसी तरह खिड़कियों की ग्रिल काटकर चोरी का प्रयास किया। किसी भी घर से कीमती सामान हाथ नहीं लगने पर चोरों को वापस लौटना पड़ा।
रविवार को पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति छत पर घूमता नजर आया। उसने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है।
इधर, एक माह पहले इसी गांव में शिक्षक प्रकाश चंद के घर से करीब 40 तोला सोने के जेवरात और आठ लाख रुपये की नकदी चोरी हुई थी। इस वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने के बीच कोतवाल समेत तीन घरों में चोरी के प्रयास ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
एसआई दिनेश रावत ने बताया कि चोरी के प्रयास की घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं। देर शाम तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली थी।
