– हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस, बाइक के पंजीकरण से परिजनों तक पहुंची
हल्द्वानी। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर टांडा जंगल में देर रात बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। बाद में दोनों की पहचान रुद्रपुर के फुलसुंगा निवासी युवकों के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक रात के समय बाइक से शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान टांडा जंगल क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों के ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा क्षेत्र से होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर उनके परिजनों का पता लगाया। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान फुलसुंगा, रुद्रपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
