रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर मेडिकल कॉलेज में मरीजों का जाना हाल
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक शिव अरोरा ने विभिन्न सेवा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने दिनभर श्रमिकों, जरूरतमंदों और अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किए। कार्यक्रमों के दौरान श्रमिकों को लेबर किट, कुष्ठ आश्रम में कंबल व फल और मेडिकल कॉलेज में मरीजों को फल वितरित किए गए।
बिगवाड़ा मंडी में श्रम विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने 500 पंजीकृत श्रमिकों को लेबर किट वितरित कीं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।
इसके बाद विधायक भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के साथ कुष्ठ आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने आश्रम में रहने वाले लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और कंबल व फल बांटे।
त्रिशूल चौक स्थित जवाहरलाल ब्लड बैंक में विधायक ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बाद में विधायक पंडित राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य चंद्र प्रकाश बेसोड़ा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोस्वामी के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उन्हें फल वितरित किए। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
विधायक ने कहा कि जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाने का उद्देश्य जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाना है। इस दौरान तरुण दत्ता, एएलसी अरविंद सैनी, बिगवाड़ा मंडी सचिव विश्व विजय, पीएमएस अजय शर्मा, मीना शर्मा, रोशन अरोरा, मुकेश पाल, जितेंद्र संधू, केके त्रिपाठी, मोर सिंह, बिट्टू चौहान, मनीष गोस्वामी, विशाल ठाकुर, स्वाति शर्मा, पिंकी चतुर्वेदी, संदीप राव, मनोज छाबड़ा, शशि शुक्ला, मयंक कक्कड़, सुभाष यादव और सुनील यादव आदि मौजूद रहे।
