अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये
रुद्रपुर। पर्वतीय जिलों से मैदानी क्षेत्रों में चरस की तस्करी के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। काठगोदाम थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में टीम ने दो कथित नशा तस्करों को 1.15 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
STF के अनुसार, कुमाऊं क्षेत्र में पर्वतीय जिलों से चरस की तस्करी को लेकर लगातार इनपुट मिल रहे थे। इसके बाद कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल सूचना जुटाकर काठगोदाम क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। सटीक सूचना के आधार पर काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। उनके कब्जे से 1.15 किलो चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मनोज चंद्र निवासी ग्राम बामन चापड़, पाटी, चंपावत और संजय चंद्र निवासी ग्राम अनरपा, पाटी, चंपावत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ काठगोदाम थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चंपावत क्षेत्र से चरस खरीदकर लाते थे और इसे ऊंचे दामों पर नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में बेचते थे। STF अब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि चरस की सप्लाई करने और खरीदने वाले नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। टीम अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
