पार्टी के बाद दोस्त के घर पहुंचा पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख, देर रात गूंजी गोलियां, पेट में लगी गोली; दिल्ली में जिंदगी-मौत से जूझ रहा, आखिर किसने चलाई गोली?

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पार्टी के बाद दोस्तों के साथ मौजूद काशीपुर ब्लॉक के पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह (38) को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें दिल्ली के अस्पताल में ले गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

 

कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के गुलजारपुर निवासी हरदीप सिंह की मां रजविंदर कौर ने शनिवार दोपहर कुंडा थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे हरदीप दोस्तों के साथ कुंडा क्षेत्र स्थित संधू ढाबे पर पार्टी करने गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद सभी दोस्त गोरा फार्म निवासी संदीप सिंह सोहल के घर चले गए।

 

रजविंदर कौर के अनुसार, रात करीब एक बजे संदीप सिंह सोहल ने फोन कर हरदीप को गोली लगने की सूचना दी और उन्हें मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचने को कहा। अस्पताल में चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें दिल्ली ले गए।

 

इधर, आसपास के लोगों ने देर रात करीब आठ से दस राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई देने की बात कही। इसके बाद किसी व्यक्ति को गोली लगने की जानकारी सामने आई।

 

सूचना पर शनिवार दोपहर एसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ प्रशांत कुमार और कुंडा थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पार्टी वाले ढाबे के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

 

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनाक्रम को लेकर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिस घर में घटना हुई, वहां परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला है। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Advertisement