मॉल के बाहर उड़ाई बाइक, नंबर प्लेट निकालकर झाड़ियों में छिपाकर रखे थे चोरी के वाहन, दो गिरफ्तार

रुद्रपुर में पुलिस ने दो मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की

रुद्रपुर। शहर में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नंबर प्लेट हटाकर चोरी के वाहनों को सुनसान जगह और झाड़ियों में छिपाते थे।

 

पुलिस के अनुसार, पदमा नगर निवासी अमन की स्प्लेंडर आठ सितंबर को विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग से चोरी हुई थी। वहीं महेशपुर निवासी सागर अरोरा की हीरो सीडी डॉन तीन अगस्त को मुख्य बाजार से चोरी की गई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

 

शनिवार को पुलिस टीम गाबा चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रोड पर झाड़ियों में दो संदिग्ध युवक चोरी के वाहनों के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मोहम्मद अरमान निवासी मलसी और अरमान निवासी ज्वालापुर भैंसिया, बिलासपुर को पकड़ लिया। उनके पास से दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें और एक टीवीएस एनटॉर्क बरामद हुई।

 

पूछताछ में आरोपियों ने रुद्रपुर व आसपास से वाहन चोरी करने की बात बताई। पुलिस ने संबंधित मुकदमों में धाराएं बढ़ाकर दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement