रुद्रपुर। पहचान छिपाकर युवती को शादी का झांसा देने और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को युवती ने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गदरपुर निवासी शाकिब अली ने अपनी पहचान छिपाकर उसे शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोप है कि 10 सितंबर को आरोपी उसे आवास विकास स्थित एक होटल में लेकर गया, जहां उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में युवती को आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई। युवती ने विरोध किया तो आरोपी पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने शाकिब अली के खिलाफ धारा 69, 319(2) और 351 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना उपनिरीक्षक पूनम रावत को सौंपी गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी शाकिब अली (24) को अटरिया रोड स्थित आवास विकास के पास राज पैलेस होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

