जिला योजना समिति चुनाव की मतदाता सूची का कार्यक्रम जारी, आठ सितंबर को होगा आलेख्य प्रकाशन, 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची

रुद्रपुर। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए जिला पंचायत और नगर निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला योजना समिति के रिटर्निंग ऑफिसर नितिन सिंह भदौरिया ने मतदाता सूची के प्रकाशन और दावे-आपत्तियों की पूरी समय-सारिणी जारी कर दी है।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन 8 सितंबर को किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची का निरीक्षण करने तथा दावे और आपत्तियां दाखिल करने के लिए 10 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 12 सितंबर को किया जाएगा।

 

प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला योजना समिति के निर्वाचन के लिए अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची को लेकर दावा या आपत्ति दाखिल करने और उनके निस्तारण की कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में की जाएगी।

 

जिला योजना समिति के चुनाव में जिला पंचायत और नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया को निर्वाचन तैयारियों का अहम चरण माना जा रहा है।