सम्मोहन का जाल बिछाकर महिला को बनाया शिकार, सात हजार और मोबाइल के बाद घर से भी उतरवाए जेवरात-नकदी

रुद्रपुर। रम्पुरा वार्ड 25 में बाजार से घर लौट रही महिला को तीन युवकों ने कथित तौर पर सम्मोहित कर ठगी का शिकार बना लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले महिला से बातचीत कर उसे अपने झांसे में लिया और उसके पास मौजूद सात हजार रुपये व मोबाइल फोन हड़प लिए। इसके बाद महिला से घर जाकर नकदी और जेवरात लाने को कहा। महिला उनके प्रभाव में घर पहुंची और वहां से जेवरात व नकदी लेकर वापस आ गई। आरोप है कि उसने यह सामान भी तीनों युवकों को सौंप दिया। युवकों के फरार होने के बाद महिला को होश आया तो उसके होश उड़ गए।

 

रम्पुरा वार्ड 25 निवासी रामवती पत्नी महेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह किसी काम से बाजार गई थी। शाम के समय वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन युवक मिले और उसे रोककर बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद युवकों ने कथित तौर पर उसे सम्मोहित कर अपने नियंत्रण में ले लिया। महिला के मुताबिक, इसी दौरान आरोपितों ने उसके पास रखे करीब सात हजार रुपये और मोबाइल फोन ले लिया।

 

इसके बाद आरोप है कि तीनों युवक महिला को अपने झांसे में लेकर उसके घर तक ले गए और वहां से नकदी व जेवरात लाने के लिए कहा। महिला उनके कहने पर घर गई और वहां से जेवरात व नकदी लेकर वापस आ गई। उसने सारा सामान युवकों को सौंप दिया। इसके बाद तीनों मौके से निकल गए। उनके जाने के कुछ देर बाद महिला को होश आया और उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।

 

महिला ने आसपास के क्षेत्र में तीनों युवकों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और लूटी गई नकदी व जेवरात बरामद कराने की मांग की।

 

एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपितों की तलाश में जुटी है।