रुद्रपुर। बारावफात के अवसर पर 26 अगस्त को प्रस्तावित जुलूसे मोहम्मदी को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने शहर में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की है। इसके तहत बुधवार को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक जनपद की अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं तथा थाना क्षेत्रों में भारी माल वाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थ जैसी अति आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम-2007 की धारा 83 की उपधारा (1) व (2) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
रिंग रोड बनेगा वैकल्पिक रास्ता
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से काशीपुर, नैनीताल या पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे। हरिद्वार और काशीपुर की ओर से आने वाले वाहनों को एमेनिटी स्कूल के पास फ्लाईओवर से रिंग रोड की ओर भेजा जाएगा।
खटीमा और सितारगंज से रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, काशीपुर या हरिद्वार जाने वाले वाहन राधा स्वामी सत्संग के पास फ्लाईओवर से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे। वहीं नैनीताल-हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहनों को पार्ले चौक से रिंग रोड के रास्ते गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
जुलूस के किच्छा बाईपास से डीडी चौक की ओर जाने के दौरान तीनपानी से आने वाले वाहनों को थोड़े समय के लिए त्रिशूल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। डीडी चौक से त्रिशूल चौक की ओर जुलूस बढ़ने पर डीडी चौक और त्रिशूल चौक से वाहनों को तीनपानी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।




