देहरादून/हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में ₹10 हजार की रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। विजिलेंस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस के अनुसार आरोपी हरिओम यादव पुत्र स्वर्गीय लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल है। वह वर्तमान में विकासखंड खानपुर, जिला हरिद्वार में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर तैनात था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले ₹10 हजार की रिश्वत मांगी थी।
मामले में शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पहले आरोप की पुष्टि के लिए सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹10 हजार की रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया।
अचानक हुई कार्रवाई से विभाग में खलबली मच गई। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ के साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। रिश्वत के इस मामले ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों को भी सामने ला दिया है।



