ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, सप्ताहभर में 3985 चालान, 134 वाहन सीज; नशे में ड्राइविंग से स्टंटबाजी तक पर कड़ी कार्रवाई

Share the news

यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 3985 चालान और 134 वाहन सीज

 

रुद्रपुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऊधमसिंह नगर पुलिस ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में 8 से 14 अगस्त तक चले अभियान में जिलेभर में 3,985 कार्यवाहियां की गईं, जबकि 134 वाहनों को सीज किया गया।

 

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में हुई। इसके तहत 2,537 चालान किए गए। तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने पर 700, मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 214, ओवरस्पीड के 175 और रेश व स्टंट ड्राइविंग के 170 चालान काटे गए। नाबालिगों के वाहन चलाने पर 38 और शराब के नशे में वाहन चलाने पर 17 चालान किए गए।

 

इकाईवार कार्रवाई में सितारगंज क्षेत्र में सबसे अधिक 507 कार्यवाहियां की गईं और 17 वाहन सीज हुए। काशीपुर यातायात पुलिस ने 417, रुद्रपुर यातायात पुलिस ने 413, पंतनगर पुलिस ने 402 और सीपीयू काशीपुर ने 387 कार्यवाहियां कीं। काशीपुर कोतवाली में 327 तथा सीपीयू रुद्रपुर में 253 कार्रवाई हुई।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने वाहन चालकों से नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, ओवरस्पीड और स्टंट ड्राइविंग से बचने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *