कार में मिला टेंट कारोबारी का शव, मचा हड़कंप! माथे पर चोट, गर्दन पर गहरा घाव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

Share the news

काशीपुर। रामनगर रोड पर राजपुर-प्रतापपुर के पास सोमवार देर रात सड़क किनारे खड़ी कार में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

 

मृतक की पहचान कुंडेश्वरी क्षेत्र के ग्राम बाजावाला निवासी संजीव (26) के रूप में हुई है। बताया गया कि संजीव की रामनगर के थारी क्षेत्र में टेंट की दुकान है। सोमवार देर रात करीब 12 से एक बजे के बीच राजपुर-प्रतापपुर के पास सड़क किनारे खड़ी कार में उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

 

परिजनों के अनुसार संजीव के माथे पर चोट और गर्दन पर गहरा घाव था। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *