लूडो खेलने से रोका तो सिर पर दे मारी ईंट, 27 वर्षीय युवक की मौत, वारदात के बाद आरोपी फरार, हत्या की रिपोर्ट दर्ज, गिरफ्तारी को दबिश

Share the news

रुद्रपुर। ईदगाह मैदान में दोस्तों के साथ लूडो खेल रहे युवक ने मोहल्ले के ही एक युवक को छोटा बताते हुए खेल में शामिल करने से मना कर दिया। यह बात आरोपी को नागवार गुजरी और कुछ देर बाद उसने पीछे से आकर युवक के सिर पर ईंट से जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद खेड़ा में परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी 27 वर्षीय शाहनवाज पुत्र आजिद 12 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित ईदगाह मैदान गया था। वहां वह अपने दोस्त आजम, कासिम, वसीम, अरमान, चांद समेत अन्य युवकों के साथ लूडो खेलने लगा। इसी दौरान मोहल्ले का गोलू पुत्र स्व. शाहिद अली उर्फ दद्दा वहां पहुंचा और लूडो खेलने की बात कहने लगा। आरोप है कि शाहनवाज ने उसे छोटा बताते हुए खेलने से मना कर दिया और डांटकर वहां से भगा दिया।

 

कुछ देर बाद गोलू दोबारा वहां पहुंचा और पीछे से शाहनवाज के सिर पर ईंट से जोरदार वार कर दिया। हमले में शाहनवाज गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

परिजन घायल शाहनवाज को जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन गुरुवार रात हालत बिगड़ने पर दोबारा जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

सूचना पर सीओ सिटी विभव सैनी, कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई खुशवंत सिंह और रंपुरा चौकी प्रभारी दीपक कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

सीओ सिटी ने बताया कि मृतक के भाई फरमान की तहरीर पर गोलू के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *