खाना बनाने की तैयारी में अचानक गिरी महिला, अस्पताल में मौत

Share the news

रुद्रपुर। खाना बनाने की तैयारी कर रही 36 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के रसोई में बेहोश होकर गिरने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

रामपुर जिले के बिलासपुर स्थित डाम कॉलोनी निवासी रजनी (36) पत्नी महावीर मंगलवार रात करीब आठ बजे घर में खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह रसोई में ही बेहोश होकर गिर पड़ी। महिला के गिरते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल उसे बिलासपुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रजनी की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर रुद्रपुर के जेएलएन जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने महिला को बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

रजनी की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक रजनी के 17 वर्षीय पुत्र और 14 वर्षीय पुत्री हैं। उसका पति निजी कंपनी में नौकरी करता है। महिला की मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *