13 लाख के लोन का झांसा देकर 2.10 लाख ठगने का आरोप, फर्जी बैंककर्मी बनकर महिलाओं को फंसाने की शिकायत

Share the news

रुद्रपुर। मकान बनाने के लिए 13 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर महिला से 2.10 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी महिला और उसके भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि महिला खुद को स्टेट बैंक की कर्मचारी बताकर गांव-गांव महिलाओं के साथ बैठक करती थी और लोन दिलाने के नाम पर रकम वसूलती थी।

ट्रांजिट कैंप की नेताजी सुभाष कॉलोनी निवासी कल्पना बढ़ाई ने शिकायत में बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात उर्मिला वैद्य नाम की महिला से हुई थी। उर्मिला ने खुद को स्टेट बैंक की कर्मचारी बताते हुए लोगों को लोन दिलाने की बात कही। कल्पना ने मकान बनाने के लिए 13 लाख रुपये का लोन मांगा तो आरोपी ने बैंक में लेनदेन का रिकॉर्ड दिखाने के लिए पहले छोटे-छोटे लोन लेने की सलाह दी।

पीड़िता के मुताबिक, उसके नाम पर पहले 34 हजार, फिर 45 हजार और इसके बाद पांच लाख रुपये का लोन कराया गया। आरोप है कि लोन की रकम लेने के लिए उर्मिला अपने भाई गौरंग वैद्य के साथ उसके घर आती थी। इसके अलावा लोन कराने के नाम पर 97 हजार रुपये नकद भी लिए गए। पीड़िता ने कुल 2.10 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है।

कुछ समय बाद जानकारी मिली कि आरोपी महिला और उसका भाई अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी कर चुके हैं। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर गालीगलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी फर्जी आईडी बनाकर खुद को बैंककर्मी बताती है। उसने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *