गिरफ्तारी को लेकर गरमाया मामला, भाजपा ने पारस चुघ पर गिराई संगठन की गाज

Share the news

रुद्रपुर। सात अगस्त को हुए एक्सीडेंट और मारपीट के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर वाल्मीकि समाज के बढ़ते विरोध के बीच भाजपा ने अपने संगठन के पदाधिकारी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। भाजपा ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने भगत सिंह मंडल के महामंत्री पारस चुघ को पद से हटा दिया है। इसके साथ ही उन्हें भाजपा से निष्कासित भी कर दिया गया है।

 

पारस चुघ पर सात अगस्त की घटना को लेकर रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से मामला लगातार तूल पकड़ता गया। सोमवार को वाल्मीकि समाज के बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

 

प्रदर्शन के दौरान भाजपा संगठन को लेकर भी लोगों में आक्रोश नजर आया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपी भाजपा के संगठनात्मक पद पर बना हुआ है। इसे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए।

 

लगातार बढ़ते विरोध के बीच भाजपा ने अब संगठन स्तर पर कार्रवाई की है। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का हवाला देते हुए पारस चुघ को मंडल महामंत्री के पद से मुक्त कर दिया। साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया।

 

भाजपा के इस फैसले के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चल रहा विरोध कितना थमता है, इस पर नजर रहेगी। वहीं दूसरी ओर मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई भी अहम मानी जा रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अब पुलिस पर भी दबाव बढ़ गया है। आने वाले दिनों में पुलिस कार्रवाई और समाज की प्रतिक्रिया से मामले की अगली तस्वीर साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *