250 किलो संदिग्ध गौमांस के साथ दो दबोचे, पुलिस के शिकंजे में गौकशी का नेटवर्क, सूचना पर तड़के घेराबंदी, ऑटो जब्त; पशु चिकित्सक ने प्रथम दृष्टया गौवंशीय मांस बताया, नमूने लैब भेजे

Share the news

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस और गौवंश संरक्षण स्क्वाड ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 250 किलोग्राम संदिग्ध गौवंशीय मांस से लदे एक ऑटो को पकड़ लिया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया, जबकि बरामद मांस के नमूने वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ उत्तराखंड गौ संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राथमिकी के अनुसार, प्रभारी गौवंश संरक्षण स्क्वाड उपनिरीक्षक पंकज बेलवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिरौली कला में गौवंश का वध कर उसका मांस बिक्री के लिए रुद्रपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान गोरक्षा दल के सदस्यों की मदद से हरे-पीले रंग के ऑटो (यूके06टीए-8553) को रोककर तलाशी ली गई। ऑटो में काले त्रिपाल के नीचे भारी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद हुआ।

पुलिस ने नई बस्ती खेड़ा निवासी नईम (45) और सिरौली पुलिया निवासी तौसीब (22) को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिकी में पुलिस ने दावा किया है कि पूछताछ में दोनों ने सिरौली क्षेत्र में एक आवारा गाय का वध कर मांस बिक्री के लिए रुद्रपुर लाने की बात स्वीकार की। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपियों ने अपने खिलाफ पहले से गौकशी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है।

कोतवाली में पशु चिकित्साधिकारी ने बरामद मांस का परीक्षण किया और प्रथम दृष्टया इसे गौवंशीय मांस बताया। इसके बाद तीन नमूने वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि शेष करीब 250 किलोग्राम मांस और ऑटो को सील कर कब्जे में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रयोगशाला की अंतिम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *