भागते-भागते पुलिस से भिड़ा बदमाश, गोलियां चलीं… जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share the news

संवाददाता, नानकमत्ता। नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को नानकमत्ता पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।

 

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में टीम आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में गश्त कर रही थी। मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकला। करीब दो किलोमीटर पीछा करने के बाद गलाबाग के कच्चे रास्ते पर बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी नहीं माना। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर पांच अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। इस मामले में दोनों सहआरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

 

आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय व नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *