शराब की महफिल से शुरू हुआ खूनी खेल, 5 हजार के विवाद में दोस्त ने ईंट से हमला कर रस्सी से गला घोंटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

Share the news
  • 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंची आरोपित तक, हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट बरामद

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, ₹5 हजार की चोरी के संदेह में उपजी रंजिश के चलते आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया था।

31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मृतक की पहचान ठाकुर नगर निवासी 23 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। विवेचना में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने साथियों के साथ आजाद नगर में शराब पी रहा था। बाद में उसके दो साथी वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसके बाद सुनील ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके ₹5 हजार चुरा लिए थे। इसी बात को लेकर वह रंजिश रखे हुए था और पहले से हत्या की योजना बना चुका था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से रक्तरंजित नमूने समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *