रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में महिला ने रामपुरा चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इंद्रा कॉलोनी निवासी रजनी यादव ने शिकायत में बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपनी नानी के घर रम्पुरा में रह रही है। उन्होंने बताया कि बेटी अपनी नानी और नाना की देखभाल तथा घर के कार्यों में सहयोग के लिए वहां रह रही थी। आरोप है कि इस दौरान उसके मामा दीपक यादव, मोर सिंह और मामी आमवती व उर्मिला बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते रहे तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
शिकायत के अनुसार, चार अगस्त की सुबह करीब छह बजे बेटी के साथ फिर मारपीट की गई। आरोप है कि मामी ने गाली-गलौज करते हुए उसके कपड़े तक फाड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने और कहीं फेंक देने की धमकी भी दी गई, जिससे किशोरी भयभीत है।
महिला ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




