रुद्रपुर। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रावण मास के दौरान मांस, मछली और अंडे की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही प्रमुख शिव मंदिरों और यात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय महापौर विकास शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए लिया।

गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने महापौर से मुलाकात कर कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर मांस, मछली और अंडे की दुकानें खुली रहने तथा कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था ठीक न होने से श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित होती हैं और विवाद की स्थिति भी बन सकती है।
मांग पर महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन माह में कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित मांस, मछली और अंडे की दुकानों को बंद रखा जाए। इसके अलावा यात्रा मार्ग, प्रमुख शिव मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने कहा कि श्रावण मास आस्था का पर्व है और नगर निगम श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान करेगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएंगी।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रविन्द्र पाल सिंह, जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।




