ट्रांजिट कैंप में सड़क किनारे मिला ट्रक चालक का शव, चेहरे पर चोट के निशान से गहराया मौत का रहस्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक ट्रक चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह काम पर जा रहे लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े युवक पर पड़ी। पहले लोगों ने उसे अचेत समझा, लेकिन पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने कपड़ों की तलाशी ली, जिसमें मिले पहचान पत्र से मृतक की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के नवीगंज निवासी 40 वर्षीय संजीव पुत्र कैलाश के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान मृतक के चेहरे पर हल्की चोट के निशान मिलने से मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी तरह की आशंका पर खुलकर कुछ कहने से बच रही है। एसएसआई महेश कांडपाल के अनुसार प्रथम दृष्टया संभावना है कि संजीव नशे की हालत में था या उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वह सड़क पर गिर गया और चेहरे पर चोट लग गई। फिर भी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस की जांच में सामने आया कि संजीव रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालक के रूप में कार्य करता था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके। फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *