विदेशी नंबर से धमकियां देकर तुड़वाने की कोशिश, शादी से पहले दो परिवारों में दहशत, युवती के खिलाफ फैलाई गई कथित झूठी बातें, दूल्हे को मिली जान से मारने की धमकी।

Share the news

लक्सर (संवाददाता)। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से शादी तुड़वाने की कथित साजिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का तय रिश्ता तुड़वाने के उद्देश्य से दूल्हे को विदेशी इंटरनेट नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन किए जा रहे हैं। कॉल करने वाला युवती के बारे में कथित तौर पर भ्रामक और झूठी बातें बताकर रिश्ता तुड़वाने का दबाव बना रहा है। इतना ही नहीं, शादी करने पर युवक को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। मामले के बाद दोनों परिवारों में भय और तनाव का माहौल है।

पीड़ित पिता की तहरीर पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, बेटी का रिश्ता एक प्रतिष्ठित परिवार में तय हुआ था और दोनों परिवारों की सहमति से सगाई की रस्म भी संपन्न हो चुकी है। शादी की तैयारियां चल रही थीं, तभी कुछ दिन पहले से दूल्हे के मोबाइल फोन पर विदेशी इंटरनेट नंबरों से लगातार कॉल आने लगे।

आरोप है कि कॉल करने वाला व्यक्ति युवती की छवि खराब करने के उद्देश्य से झूठी और आपत्तिजनक बातें कह रहा है तथा दूल्हे को शादी न करने के लिए उकसा रहा है। विरोध करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों के चलते दोनों परिवार मानसिक तनाव में हैं।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंटरनेट कॉल में इस्तेमाल किए गए नंबरों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल कहां से और किसके द्वारा किए गए। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *