कोबरा ने डसा, फिर उसी को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा युवा, जिला अस्पताल में दिखा अनोखा नजारा, जिंदा कोबरा देखकर डॉक्टर और मरीज भी रह गए हैरान

Share the news

रामनगर (संवाददाता)। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में बुधवार सुबह उस समय अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब एक युवक सांप के काटने का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसके हाथ में दवा या कोई सामान नहीं, बल्कि वही जिंदा कोबरा था जिसने कुछ देर पहले उसे डस लिया था। डिब्बे में बंद कोबरा को देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर, मरीज और तीमारदार भी हैरत में पड़ गए।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर टाइल्स लगाने का कार्य करता है। इसके साथ ही वह जरूरत पड़ने पर सांपों का रेस्क्यू भी करता है।

बुधवार सुबह करीब पांच बजे गुबानपुर क्षेत्र निवासी नितिन कुमार के घर में कोबरा निकलने की सूचना मिलने पर अरुण मौके पर पहुंचा। उसने सावधानी से कोबरा को पकड़कर डिब्बे में बंद करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कोबरा ने उसकी हाथ की तर्जनी (इंडेक्स फिंगर) पर काट लिया। इसके बावजूद अरुण ने हिम्मत नहीं हारी। उसने पहले सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी को साथ लेकर सीधे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गया।

अस्पताल में जिंदा कोबरा देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। चिकित्सकों ने तत्काल युवक का उपचार शुरू किया और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी।

चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि मरीज के हाथ की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

फिलहाल, जिस युवक को कोबरा ने काटा, वही उसे डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आया। यह अनोखा घटनाक्रम पूरे रामनगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *