रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)।
क्षेत्र के एक मोहल्ले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घर की छत पर बरसात के पानी में नहा रही 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को अकेली पाकर पड़ोसी ने दरिंदगी का प्रयास किया। आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर भागी पीड़िता ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने पोक्सो (POCSO) और बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अकेली देख छत से कूदा आरोपी
जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त पीड़िता के पिता मजदूरी पर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी। दोपहर के समय पीड़िता अपनी छत पर बारिश के पानी से नहाने के साथ इनवर्टर के लिए बोतल में पानी भर रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाले 45 वर्षीय राजकुमार (मछुआरा व मजदूर) की नीयत बिगड़ गई। वह अपनी छत से छलांग लगाकर पीड़िता के घर पहुंच गया।
कमरे में घसीटने का प्रयास, दी घूस
आरोपी ने पीछे से आकर नाबालिग का मुंह हाथ से बंद कर दिया ताकि वह चिल्ला न सके। इसके बाद वह पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें करते हुए उसे जबरन सीढ़ियों से नीचे कमरे की तरफ घसीटने लगा। आरोपी ने पीड़िता को लालच देते हुए कहा, “मेरी बात मानो, जो मांगोगी पैसा-रुपया सब दूंगा, किसी से कुछ मत बोलना।” जब लड़की ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
चौकी घेराव, पुलिस की दबिश जारी
सीढ़ियों के पास जैसे ही आरोपी की पकड़ थोड़ी ढीली हुई, नाबालिग ने हिम्मत दिखाई और खुद को छुड़ाकर नीचे की ओर भागी। उसके शोर मचाने पर जब तक पड़ोसी जुटते, आरोपी छत के रास्ते ही कूदकर भाग निकला। घटना के बाद गुस्साए लोगों और कांग्रेसी नेताओं ने ‘आवास विकास पुलिस चौकी’ का घेराव कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है।




