झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या या हादसा?
दिनेशपुर। थाना क्षेत्र के नेताजीनगर गांव में झाड़ियों के बीच 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
शनिवार सुबह नेताजीनगर गांव में प्लॉटिंग की खाली पड़ी भूमि के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर दिनेशपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सपन राय (40) पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में हुई है। घटनास्थल से उसकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि युवक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।
पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।




