Rudrapur”सिविल न्यायालय में कार्रवाई के बाद मौजूद विजिलेंस टीम व पुलिस। दीवानी नाजिर शाखा के कर्मचारी को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

Share the news

बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। सिविल न्यायालय बाजपुर में गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात कर्मचारी ओम बाबू को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में अधिवक्ता व अन्य लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2, बाजपुर निवासी शाहिद पुत्र शाहिद ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि चेक बाउंस के एक मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) हो चुका है। आरोप है कि केस की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर फाइल आगे बढ़ाने और मामला समाप्त कराने के नाम पर संबंधित कर्मचारी ने 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को आरोपी कर्मचारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अपने साथ ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

कार्रवाई के दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने विजिलेंस अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी मांगी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर माहौल शांत कराया।

विजिलेंस की इस कार्रवाई को न्यायालय परिसर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *