रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जगतपुरा वार्ड नंबर-6 निवासी अंकुश प्रजापति ने 4 जून 2026 को उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 जून की रात उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (संख्या UK06L9237) घर के बाहर खड़ी की थी, जो देर रात चोरी हो गई। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन युवक बाइक चोरी करते दिखाई दिए। इस आधार पर ट्रांजिट कैंप थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी व पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। गुरुवार रात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र अपनी टीम के साथ परशुराम चौक से आनंदपुर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर बैठे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान अंश खत्री उर्फ अक्की (19), रजत (22) और कमल मौर्य (21) के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली। मामले में तीनों की संलिप्तता सामने आने पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 317(2) की भी बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।




