सरकारी आवासों में ‘फ्री’ बिजली का खेल बेनकाब, विजिलेंस की रेड में चार कर्मचारी बिजली चोरी करते पकड़े गए; बिना मीटर सीधे केबल से चल रहा था पूरा कनेक्शन

Share the news

रुद्रपुर। जिला उद्योग केंद्र परिसर स्थित सरकारी आवासों में शनिवार को ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी के चार मामले पकड़े। जांच के दौरान चार सरकारी आवासों में बिना मीटर लगाए सीधे केबल के माध्यम से बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

 

ऊर्जा निगम की एसडीओ अन्नू अरोरा ने बताया कि बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विजिलेंस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। टीम ने सरकारी आवासों का निरीक्षण किया, जहां चार आवासों में बिजली मीटर नहीं लगे मिले। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कर्मचारी सीधे केबल जोड़कर बिजली की खपत कर रहे थे।

 

संयुक्त टीम ने मौके पर बिजली चोरी की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी आवासों में भी बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

एसडीओ अन्नू अरोरा ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम लगातार अभियान चला रहा है। जून माह में अब तक 19 बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया जा चुका है। निगम का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

छापेमारी के दौरान विजिलेंस के सहायक अभियंता पुनीत कुमार, एसडीओ अन्नू अरोरा, जूनियर इंजीनियर कुलदीप सिंह, लाइनमैन सीताराम और विजिलेंस की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *