नीट की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, पीजी के बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव, डायरी की रहस्यमयी पंक्ति और अज्ञात कॉल से गहराया रहस्य।

Share the news

डॉक्टर बनने का सपना अधूरा, नीट अभ्यर्थी छात्रा की संदिग्ध मौत

हल्द्वानी। डॉक्टर बनने का सपना लेकर मध्य प्रदेश से हल्द्वानी आई 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की रहने वाली छात्रा बीते 30 मई को हल्द्वानी आई थी। उसने मुखानी क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था। वह खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित कोचिंग से संबद्ध पीजी में रह रही थी। फिलहाल वह डेमो कक्षाओं में भाग ले रही थी, जबकि नियमित कक्षाएं 29 जून से शुरू होनी थीं।

बताया जा रहा है कि छात्रा का बड़ा भाई भी इसी संस्थान से तैयारी कर नीट परीक्षा में सफल हुआ था और वर्तमान में एम्स भोपाल में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। भाई की सफलता से प्रेरित होकर परिजनों ने उसे भी डॉक्टर बनाने के उद्देश्य से हल्द्वानी भेजा था।

मंगलवार देर रात मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब एक अज्ञात युवक ने छात्रा की सहेली को फोन कर बताया कि वह काफी देर से छात्रा से संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उसका फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद सहेली ने अन्य परिचितों के साथ पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग पीजी पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन कमरे से बरामद एक डायरी में लिखी गई रहस्यमयी पंक्ति ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस उस डायरी की सामग्री का गहन अध्ययन कर रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग, मानसिक दबाव अथवा किसी व्यक्तिगत विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच शुरू कर दी है। साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है, जिसने घटना से पहले छात्रा की सहेली को फोन किया था।

मामले की सूचना मिलने पर छात्रा की मां और भाई हल्द्वानी पहुंच गए। परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

क्या बोले एसपी सिटी

“छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है, जिसने घटना से पहले छात्रा की सहेली को फोन किया था।”

— मनोज कत्याल, एसपी सिटी, हल्द्वानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *