रुद्रपुर। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने व्यापक यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत 26 जून 2026 को रुद्रपुर शहर में निकलने वाले मुहर्रम जुलूस के दौरान सुबह 11 बजे से जुलूस समाप्त होने तक विशेष रूट डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले तथा काशीपुर, हरिद्वार, सितारगंज, खटीमा, नैनीताल एवं पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी प्रकार हरिद्वार और काशीपुर की ओर से आने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे।
खटीमा, सितारगंज और किच्छा की ओर से आने वाले वाहनों को राधा स्वामी सत्संग के निकट स्थित फ्लाईओवर से रिंग रोड की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं नैनीताल और हल्द्वानी से आने वाले वाहन पार्ले चौक के रास्ते रिंग रोड का उपयोग कर काशीपुर, हरिद्वार, देहरादून, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली और दिल्ली की ओर जा सकेंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान यातायात दबाव और जुलूस की स्थिति को देखते हुए स्थानीय नागरिकों के वाहनों को भी आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय के लिए वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सकता है।
इसके अलावा मुहर्रम के अवसर पर रुद्रपुर शहर में सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करें, रिंग रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।




