एसआईआर ड्यूटी से गायब मिली शिक्षिका, शिक्षा विभाग का सख्त एक्शन; नोटिस जारी, 3 दिन में मांगा जवाब, मनमर्जी से आने-जाने की शिकायत पर बढ़ी मुश्किलें

Share the news

खटीमा। गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) 2026 के तहत निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने एक शिक्षिका को नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

जानकारी के अनुसार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुटरा, विकास खंड खटीमा में तैनात सहायक अध्यापिका श्रीमती निर्मला पाल की ड्यूटी एसआईआर कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत आईटी हेल्पिंग हैंड के रूप में लगाई गई है। उन्हें 70-खटीमा विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या-109, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुटरा के कक्ष संख्या-2 में कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

 

गत 18 जून 2026 को बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा संबंधित मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षिका अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं। जांच में यह भी सामने आया कि वह निर्धारित समय के अनुसार कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहतीं और अपनी सुविधा अनुसार आती-जाती हैं। इस संबंध में बीएलओ सुपरवाइजर ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी।

 

मामला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी, खटीमा के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में पहुंचा। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस कार्रवाई को निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *