आर्थिक रूप से कमजोर टॉपर्स को मिलेगी स्कॉलरशिप, मेधावी छात्रों को एजुकेशनल टूर पर भेजेगा नगर निगम, प्रतिभा सम्मान समारोह में महापौर ने की बड़ी घोषणाएं, विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Share the news

रुद्रपुर। नगर निगम सभागार में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहर के दर्जनों विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह के दौरान उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा एवं नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान महापौर ने बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षा, करियर और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव भी मांगे। विद्यार्थियों ने डिजिटल लाइब्रेरी, कैरियर काउंसिलिंग सेंटर, स्वच्छता और अध्ययन सुविधाएं बढ़ाने की मांग रखी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम केवल सड़क, नाली और सफाई तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि शहर के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी उसकी है। उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नगर निगम की ओर से स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने।

उन्होंने बताया कि नगर निगम मेधावी विद्यार्थियों के लिए एजुकेशनल टूर भी आयोजित करेगा। इस शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से बच्चों को नई तकनीक, संस्थानों और आधुनिक व्यवस्थाओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही भविष्य में कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विशेषज्ञ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और करियर विकल्पों की जानकारी देंगे।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी हुई हैं और युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिल रहे हैं।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में तकनीकी ज्ञान, संवाद कौशल और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी, पार्षदों एवं अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *