365 बच्चों के भविष्य से खिलवाड़! स्कूल बंद करने की खबर पर सीईओ का सख्त एक्शन, संस्था को नोटिस; आरटीई के तहत दंडात्मक और विधिक कार्रवाई की चेतावनी

Share the news

रुद्रपुर। विकास खंड रुद्रपुर स्थित क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल के संचालन को अचानक बंद किए जाने की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने विद्यालय का संचालन करने वाली संस्था ‘ग्लोबल सोसायटी फॉर इनिशिएटिव्स एंड कैंपेन्स एजुकेशन’ के पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

 

जानकारी के अनुसार विद्यालय में वर्तमान समय में करीब 365 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल बंद होने की सूचना से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई बाधित होने के साथ ही वैकल्पिक विद्यालय में प्रवेश, फीस और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

 

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बिना उचित प्रक्रिया अपनाए विद्यालय बंद करना विद्यार्थियों के शैक्षिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और संस्था से पूरे प्रकरण पर जवाब तलब किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के हितों की रक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

बताया गया कि यह मामला उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एससीपीसीआर) के संज्ञान में भी पहुंच चुका है। सीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यालय बंद होने के कारण किसी भी छात्र-छात्रा का शैक्षणिक हित प्रभावित होता है, तो संबंधित संस्था और पदाधिकारियों के खिलाफ आरटीई अधिनियम के प्रावधानों के तहत कड़ी दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *