भीषण अग्निकांड, गेमिंग जोन और सॉफ्टवेयर ऑफिस में लगी आग, 15 की मौत
लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत के तीसरे तल पर संचालित गेमिंग जोन और सॉफ्टवेयर कार्यालय में भीषण आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।
बताया जा रहा है कि आग तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे कार्यालय परिसर में फैल गई। घटना के समय कार्यालय में 30 से अधिक कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे। आग की लपटों और धुएं से घिरे लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से बाहर निकलने का प्रयास किया। कुछ लोग पास से गुजर रहे तारों के सहारे नीचे उतरने लगे, जिसमें कई घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार घंटे बाद भी इमारत से धुआं निकलता रहा। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के समय कुछ लोग भीतर फंसे रह गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ रवाना हो गए। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं, लखनऊ विकास प्राधिकरण ने भवन की वैधता, अग्नि सुरक्षा मानकों और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




