भूरारानी में अवैध कॉलोनी पर प्राधिकरण का बुलडोजर, 7 एकड़ में किए गए निर्माण ध्वस्त; चेतावनी के बाद भी नहीं रुका विकास कार्य, प्रशासन ने दिखाई सख्ती

Share the news

भूरारानी में 7 एकड़ में विकसित अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई

रुद्रपुर। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को भूरारानी क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने करीब सात एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और प्राधिकरण के अधिकारियों की मौजूदगी रही।

प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई वाद संख्या-75 वर्ष 2024 के अंतर्गत की गई। संबंधित भूमि पर श्री पदम सिंह, गिरीश जोशी, राजेंद्र सिंह कनवाल तथा इंद्र सिंह कनवाल द्वारा बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले में पूर्व में ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण और विकास कार्य जारी रहने पर प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई उपाध्यक्ष जय किशन के निर्देशों के अनुपालन में की गई। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पुलिस कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसकी वैधता और भू-उपयोग की स्थिति की जांच अवश्य कर लें। केवल स्वीकृत कॉलोनियों में ही भूखंड खरीदें तथा डेवलपर से स्वीकृत मानचित्र प्राप्त कर उसे रजिस्ट्री का हिस्सा बनाएं। साथ ही कृषि, औद्योगिक या ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में आवासीय उपयोग के लिए भूमि खरीदने से बचें।

प्राधिकरण ने निबंधन विभाग से भी अपेक्षा जताई है कि अवैध कॉलोनियों में भूखंडों के विक्रय पत्रों का पंजीकरण बिना आवश्यक औपचारिकताओं के न किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के संदेह की स्थिति में नागरिक विकास प्राधिकरण कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *