निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और अधिकारियों का प्रशिक्षण, डिजिटल प्रक्रिया पर दिया गया विशेष जोर
रुद्रपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को त्रुटिरहित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण गतिविधियों को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में बुधवार को रुद्रपुर, नानकमत्ता और काशीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए द्वितीय चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रशिक्षण जिला सभागार में आयोजित हुआ, जहां एसएलएमटी उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय और डीएलएमटी विनय कुमार ने बीएलओ सुपरवाइजरों, बीएलओ, पदाभिहित अधिकारियों तथा आईटी कार्मिकों को तीन पालियों में प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियों से अवगत कराया गया।
उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय ने कहा कि प्रशिक्षण में दी जा रही प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से समझना आवश्यक है, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य करते समय किसी प्रकार की समस्या न आए। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान ही अपनी शंकाओं का समाधान कराने की अपील की।
प्रशिक्षण सत्र में गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण, मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों को मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटाइज करने तथा वापस प्राप्त न होने वाले प्रपत्रों की विशेष डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। डिजिटल प्रस्तुतीकरण के जरिए पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनीष बिष्ट, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित पदाभिहित अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ और आईटी कार्मिक उपस्थित रहे।
मतदाता सूची पुनरीक्षण में चूक नहीं होगी बर्दाश्त, बीएलओ-कार्मिकों को डिजिटल प्रशिक्षण; घर-घर सर्वे और प्रपत्र डिजिटाइजेशन पर प्रशासन का विशेष फोकस




