रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी जीभ काटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को रम्पुरा निवासी राज कोली पर कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसकी जीभ काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी कराए गए थे।
पुलिस को सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी जितेंद्र पुत्र जागन लाल रम्पुरा क्षेत्र में मौजूद है और फरार होने की तैयारी में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




