फरार आरोपी पर अदालत की सख्ती, पुलिस ने की संपत्ति कुर्क, बार-बार गैरहाजिर रहने पर न्यायालय का आदेश, घर पहुंची पुलिस टीम ने की कार्रवाई

Share the news

रुद्रपुर/रामपुर।

न्यायालय के आदेशों की लगातार अवहेलना कर रहे एक आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई की। आरोपी लंबे समय से मुकदमे में वांछित चल रहा था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट, उद्घोषणा और कुर्की संबंधी आदेश जारी किए गए थे।

पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक सरकारी कार्य में बाधा और लोक सेवक के साथ अभद्रता से जुड़े मामले में आरोपी यशदीप सिंह निवासी सीरसखेड़ा, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर की तलाश की जा रही थी। कई प्रयासों के बावजूद आरोपी के न्यायालय में उपस्थित न होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, ऊधमसिंह नगर ने उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

अदालती आदेशों के अनुपालन में विवेचक के नेतृत्व में पुलिस टीम स्थानीय पुलिस और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के निवास स्थान पहुंची। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद घर में मौजूद दैनिक उपयोग की वस्तुओं को कुर्क कर कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के दौरान घरेलू सामानों की सूची तैयार कर पंचनामा भी बनाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ न्यायालय के निर्देशों के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा और पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *