रुद्रपुर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर रुद्रपुर की बेटी जसमीत कौर पाहवा ने नया इतिहास रच दिया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर और जनपद में खुशी का माहौल है। जसमीत की सफलता को युवा वर्ग के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी, जाफरपुर निवासी जसमीत कौर वर्तमान में बागेश्वर में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर पीसीएस परीक्षा में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है।
जसमीत कौर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और ईश्वर की कृपा को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में आने का सपना देखने वाले युवाओं को धैर्य, लगन और निरंतर प्रयास के साथ तैयारी करनी चाहिए। ईमानदारी से की गई मेहनत का परिणाम अवश्य मिलता है।
जसमीत के पिता जसवंत सिंह पाहवा ने कहा कि बच्चों की सफलता माता-पिता के लिए सबसे बड़ा सम्मान होती है। उन्होंने बताया कि परिवार ने हमेशा शिक्षा, अनुशासन और मेहनत को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज पूरे प्रदेश के सामने है।
जसमीत कौर की यह उपलब्धि रुद्रपुर के लिए गौरव का विषय बन गई है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिली है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के बीच जसमीत आज एक रोल मॉडल के रूप में उभरकर सामने आई हैं।




